द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा पुलिस ने अपने जवानों को प्रेरित करने के लिए पहली बार ‘पुलिस मैन ऑफ द वीक’ कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस अनोखी पहल के तहत उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर टर्न आउट दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को हर सप्ताह प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया जाता है।
इस कदम का असर अब ज़मीनी स्तर पर दिख रहा है। जवानों और अधिकारियों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का माहौल बना है और सभी अपने कार्य में बेहतर प्रदर्शन की होड़ में जुट गए हैं। एसपी एम. अर्शी स्वयं हर सप्ताह चयनित पुलिसकर्मी को सम्मानित करते हैं। उनका मानना है कि यह सम्मान न केवल पुरस्कृत जवानों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि सहकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनता है।
अब तक इस सम्मान से गोविंद कुमार अखौरी, फगुआ मुंडा, रसोलिया तोपनो, सुमित कुमार ठाकुर, सरिता कुमारी, विपुल कच्छप, पियूष हीरो, अरुणा खाखा और हवलदार रवि कुमार टूटी सम्मानित हो चुके हैं। इस योजना की खास बात यह है कि सम्मानित पुलिसकर्मी की तस्वीर पूरे एक सप्ताह तक जिले के सभी थानों और पुलिस प्रतिष्ठानों के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाती है। इससे उन्हें गर्व का अनुभव होता है और अन्य पुलिसकर्मी भी अगले सप्ताह सम्मान पाने की दिशा में प्रेरित होते हैं। इसे लेकर एसपी एम. अर्शी ने कहा कि यह पहल पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ जनता के बीच यह संदेश भी देती है कि सिमडेगा पुलिस पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता से कार्य कर रही है।
