logo

10-11 मार्च को भी राज्य के इन जिलों में बारिश की संभावना, साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर

badal16.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
होली में पूरे झारखंड के मौसम में बदलाव हुआ है। यह बदलाव साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हुआ है। कल सुबह में 10 से अधिक जिलों में बारिश हुई। पहले तो लोगों को लगा कि इस बार के होली का मजा किरकिरा हो गया। लेकिन फिर बाद में बारिश थम गई। लोगों ने खुलकर होली मनाया। हालांकि इस बदलाव ने मौसम में ठंडापन ला दिया है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में आए साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से यह बदलाव आया है। मौसम का यह हाल 11 मार्च तक बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इसलिए मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। बारिश की वजह से गुरुवार की सुबह भी ठंड महसूस की गई। 10 मार्च को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होगी। 11 मार्च को झारखंड के 19 जिलों में बारिश की संभावना है।


11 मार्च तक यही हाल 
मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से अभी 11 मार्च तक विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना है। रांची का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस तरह से 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। मौसम विभाग ने 9 और 10 मार्च के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के पलामू, गढ़वा, चतरा कोडरमा, लातेहार के अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम में बारिश की संभावना है। 11 मार्च को भी रांची समेत कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। 14 मार्च से आसमान पूरी तरह से साफ होने की संभावना है।


एक की चली गई जान 
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के भंवरडीह गांव में बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इस दौरान वज्रपात की घटना में 2 मवेशियों की भी मौत हो गई। वज्रपात के कारण घर में आग भी लग गई। अग्निशमन विभाग के वाहन की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।