logo

कांग्रेस की बैठक में फैला करंट, 2 लोगों की मौत; 14 झुलसे

कांग्रेस की बैठक में फैला करंट, 2 लोगों की मौत; 14 झुलसे

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पंचायत चुनाव की तैयारी के बीच कांग्रेस की बैठक के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। तेज हवा के कारण बैठक में लगा टेंट उखड़कर ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। टेंट को संभालने के लिए दौड़े लोग करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोग झुलस गए। सभी घायलों को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे पीपलखूंट उपखंड के रेणंदा गांव में तिराबावजी मंदिर के पास हुई। यहां पंचायत चुनाव को लेकर तीन गांवों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई थी। राजस्थान में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के मद्देनजर आयोजित इस बैठक में रेणंदा, बूंदीखेड़ा और खिलाय कुंड गांवों के करीब 150 लोग मौजूद थे। बैठक में घाटोल विधायक नानालाला निनामा भी शामिल होने वाले थे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही हादसा हो गया।


दो लोगों की मौत, 14 लोग घायल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान डेमरीपाड़ा निवासी 57 वर्षीय अर्जुन, पुत्र अमरिया, और रेणंदा निवासी 45 वर्षीय मोहन, पुत्र गौतम, के रूप में हुई है। वहीं, करंट लगने से 14 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल मदद जुटानी शुरू की। घायल प्रकाश के मुताबिक, बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद तेज हवा चलने लगी। इससे टेंट के हिस्से उखड़कर हवा में उड़ने लगे और ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गए। टेंट को संभालने की कोशिश कर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई।


एंबुलेंस में देरी पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीण शंभूलाल का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में लोगों को मजबूरन कई घायलों को मोटरसाइकिल से प्रतापगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाना पड़ा। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद पीपलखूंट से कोई प्रशासनिक अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। एंबुलेंस की कथित देरी और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

Tags - Rajasthan News Pratapgarh Accident Congress Meeting Panchayat Elections Electric Shock