द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के सदर अंचल क्षेत्र के हाजीपुर दियारा और भीठा में घरेलू एयरपोर्ट व एयर कार्गो हब के निर्माण को लेकर प्रशासन द्वारा चिन्हित लगभग 495 एकड़ भूमि का भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नई दिल्ली की छह सदस्यीय टीम ने मेघा रोहिल्ला के नेतृत्व में प्री-विजिबिलिटी स्टडी किया। इस दौरान अपर समाहर्ता गौतम भगत, सदर एसडीओ अमर जॉन आइंद तथा सदर सीओ बासुकीनाथ टूडू ने टीम को स्थल भ्रमण कराते हुए आवश्यक जानकारियाँ उपलब्ध कराईं।
टीम ने स्थल का भौतिक निरीक्षण कर नक्शे से इसका मिलान किया। प्रस्तावित भूमि के प्रकार, एयरपोर्ट क्षेत्र, रनवे, एनएच-80 व एनएच-33 से दूरी, रास्ते व अप्रोच, आसपास के पहाड़, नदी और तालाब आदि की विस्तृत जानकारी एकत्र की। अपर समाहर्ता गौतम भगत ने बताया कि दिल्ली से आई टीम ने निरीक्षण पूरा कर लिया है और लगभग एक महीने बाद इसकी रिपोर्ट आएगी, जिसमें यह स्पष्ट होगा कि यहां एयरपोर्ट बनना है या नहीं। प्रशासन की ओर से 495 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है, जिसमें 57 एकड़ सरकारी और शेष रैयती भूमि है। सभी रैयती भूमि का अधिग्रहण कर एयरपोर्ट निर्माण कराया जाएगा।
झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह सचिव पंकज मिश्रा ने कहा कि 2029 तक साहिबगंज जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में मरीन ड्राइव, गंगा पुल, पश्चिम और पूर्वी रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज, सिदो–कान्हू स्टेडियम का चौड़ीकरण, साथ ही मंडरो में मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण होगा। चुनाव के समय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा लिए गए निर्णयों के तहत गंगा तट का सौंदर्यकरण और शहर के विकास के कई कार्य पूरे होंगे। 200 बेड के नए सदर अस्पताल और नए बस स्टैंड का भी निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने लोगों से विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि 2029 तक साहिबगंज पूरी तरह नए स्वरूप में नजर आएगा।
