logo

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज रांची में, सीयूजे के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल 

्पीह1.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज रांची आ रही हैं। वह सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिस इलाके से राष्ट्रपति गुजरेंगी, उसे नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है। रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। रांची पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं।  रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से मंगलवार (27 फरवरी) को सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया गया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने कार्यक्रम स्थल से लेकर रूट का पूरा मुआयना किया गया। राष्ट्रपति के पूरे रूट पर जगह-जगह बैरेकेडिंग भी की गई है और ट्रैफिक का रूट प्लान जारी किया है। एयरपोर्ट से लेकर रूट और कार्यक्रम स्थल तक कुल सात आइपीएस, 25 डीएसपी, 350 अफसर और 1500 अतिरिक्त फोर्स तैनात किया गया है. रूट लाइन के दोनों ओर ऊंचे भवनों में भी पुलिस तैनात किए गए हैं। मंगलवार को डीसी और एसएसपी ने सुकरहुट्टू में जवानों और पुलिस अफसरों को ब्रीफ किया। ड्यूटी के दौरान कोताही बरतने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है। 


छात्रों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड के तीसरे दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक घंटे के लिए शिरकत करेंगी, जिसमें वह 3 चांसलर मेडल, 67 गोल्ड मेडल और 35 पीएचडी डिग्री प्रदान करेंगी। आपको बता दें कि राष्ट्रपति रांची एयरपोर्ट पर 11बजे उतरेंगी, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति बिरसा चौक से धुर्वा गोलचक्कर होते हुए मनातू पहुंचेंगी। जिस रास्ते से राष्ट्रपति का काफिला गुजरेगा वहां थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति की सुरक्षा में 6 आईपीएस, 10 डीएसपी, 25 इंस्पेक्टर, 20 सब इंस्पेक्टर के अलावा दो हजार से ज्यादा जवान तैनात किए गये हैं। 


अलग-अलग जवानों की तैनाती 
राष्ट्रपति की सुरक्षा में बम निरोधक दस्ते के अलावा जैप, आरएएफ, आईआरबी और जगुआर की टीमें तैनात की गई हैं। बिना पास के कार्यक्रम स्थल में किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया गया है।