द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले की बेटी दीक्षा कुमारी ने अपने उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के माध्यम से न केवल जिले, बल्कि पूरे राज्य का मान बढ़ाया है। दीक्षा को 29 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तहत राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें समाज सेवा, स्वच्छता और जागरूकता अभियानों में उनके निरंतर योगदान के लिए दिया जा रहा है।
दीक्षा कुमारी रांची विश्वविद्यालय के NSS इकाई से जुड़ी हुई हैं और लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ भारत अभियान, साक्षरता अभियान, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति अभियान और सड़क सुरक्षा अभियान जैसे कई महत्वपूर्ण अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। दीक्षा ने राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत गांवों और शहरी इलाकों में जाकर लोगों को जागरूक किया है।
सेन्हा प्रखंड अंतर्गत उगरा गांव निवासी दीक्षा कुमारी समाजसेवी और किसान प्रदीप कुमार सिंह तथा गृहिणी किरण सिंह की बेटी हैं। दीक्षा ने जवाहर नवोदय विद्यालय से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने अपने पिताजी से प्रेरणा लेकर सामाजिक कार्यों की दिशा में कदम बढ़ाया और कॉलेज के दिनों से ही NSS से जुड़ गईं।
उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें वर्ष 2023 में रांची विश्वविद्यालय द्वारा 'बेस्ट वालंटियर' के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा वे 26 जनवरी 2023 को नई दिल्ली में आयोजित कर्तव्य पथ परेड में भी शामिल हुईं, जो किसी भी स्वयंसेवक के लिए गौरव की बात है। दीक्षा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनके घर और गांव में, बल्कि पूरे लोहरदगा जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। हर कोई उनके प्रयासों और समर्पण की सराहना कर रहा है। दीक्षा कुमारी आज की युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरी हैं।
