नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिला प्रशासन द्वारा उड़ान IAS एकेडमी, रांची के सहयोग से संचालित “प्रोजेक्ट प्रयास – हुनर से होनहार तक का सफर” के अंतर्गत जेपीएससी एवं जेएसएससी की निःशुल्क कोचिंग के लिए पात्रता परीक्षा आज के एम कॉलेज, पाकुड़ में सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
उपायुक्त मनीष कुमार ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्ष व्यवस्था, पर्यवेक्षण तंत्र, सुरक्षा व्यवस्था, उपस्थिति पंजी और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अभ्यर्थियों से बातचीत कर उनकी तैयारी और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें उत्साहवर्धन किया। आज की परीक्षा में कुल 569 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 396 उपस्थित हुए, जबकि 173 अनुपस्थित रहे। परीक्षा निर्धारित समय दोपहर 12:00 बजे से 02:00 बजे तक शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
जेपीएससी एवं जेएसएससी हेतु निःशुल्क कोचिंग में अनुभवी और विशेषज्ञ फैकल्टी, व्यापक टेस्ट सीरीज, दैनिक उत्तर लेखन अभ्यास, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन अध्ययन सामग्री, स्मार्ट क्लासरूम सुविधा, पुस्तकालय/डिजिटल लाइब्रेरी, नियमित मॉक टेस्ट और शंका समाधान कक्षाओं जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट प्रयास जिले के प्रतिभावान युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने का एक उत्कृष्ट माध्यम है। उनका उद्देश्य है कि पाकुड़ के अधिक से अधिक युवा सिविल सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करें और जिले का नाम रोशन करें। प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाएँ पूरी तरह निःशुल्क हैं, और अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे इसका अधिकतम लाभ उठाएं और संगठित व लक्ष्ययुक्त तैयारी करें।
