द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग के पुराना समाहरणालय के सामने आज अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति ने पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां को अंगरक्षक वापस लिए जाने के विरोध में एक दिवसीय धरना दिया। धरने के दौरान झारखंड सरकार से पुनः अंगरक्षक वापस कराने की मांग की गई। धरने में मौजूद लोगों का कहना था कि अंगरक्षक की अनुपस्थिति में पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां की जान और सुरक्षा खतरे में हैं। भुईयां समाज कल्याण समिति के जिला अध्यक्ष महेंद्र राम बिहारी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दुलाल भुईयां को अंगरक्षक नहीं लौटाया गया तो सड़क से लेकर सदन तक मजबूत आंदोलन किया जाएगा।
वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नुनुलाल भुईयां ने कहा कि पूरे झारखंड में भुईया समाज के एकमात्र पूर्व मंत्री की सुरक्षा हटाने से उनके जीवन पर गंभीर खतरा है और यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो राज्यव्यापी आंदोलन होगा। जिला उपाध्यक्ष अशोक राग ने कहा कि दलित समाज पर हो रहे अत्याचारों को रोका जाए और यदि पूर्व मंत्री को सुरक्षा नहीं दी गई, तो वे सरकार के खिलाफ अन्य आंदोलनकारी कदम उठाने से नहीं हिचकिचाएंगे।
जिला सचिव हीरा राग ने बताया कि दुलाल भुईयां को अक्सर नक्सल प्रभावित और कठिन क्षेत्रों में जाना पड़ता है। ऐसे में सुरक्षा के बिना उनका क्षेत्र भ्रमण खतरनाक है और किसी भी अनहोनी की पूर्ण जवाबदेही झारखंड सरकार पर होगी। धरने में उपस्थित नेताओं ने सरकार से तत्काल संज्ञान लेकर दुलाल भुईयां को उनके पूर्व की भांति अंगरक्षक लौटाने की मांग दोहराई और आशंका जताई कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई, तो अगले चरण में व्यापक और सशक्त आंदोलन किया जाएगा।
