logo

लापता 5 वर्षीय अंश और 4 वर्षीय अंशिका का नहीं मिला सुराग, RJD नेता कैलाश यादव ने प्रशासन को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

KAILASH1.jpg

रांची 
रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौसीबाड़ी खटाल से अपहृत 5 वर्षीय अंश और 4 वर्षीय अंशिका का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। प्रशासन की सुस्त कार्यशैली को लेकर यादव समाज, स्थानीय बस्तीवासियों और सामाजिक संगठनों ने नाराज़गी जाहिर की है। सोमवार को मौसीबाड़ी खटाल में आयोजित आपात बैठक में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। बैठक में मौजूद राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि एक गरीब गोपालक सुनील यादव के बच्चों के अपहरण के बावजूद प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी उद्योगपति या वीवीआईपी परिवार के बच्चे का अपहरण होता, तो पूरा प्रशासनिक तंत्र तुरंत सक्रिय हो जाता।


बैठक के दौरान कैलाश यादव ने रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन से फोन पर बात कर पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया और स्पष्ट रूप से कहा कि अगर 24 घंटे के भीतर बच्चों की सकुशल बरामदगी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे धुर्वा शहीद मैदान स्थित शेख भिखारी चौक पर शांतिपूर्ण विशाल धरना दिया जाएगा। धरना के दौरान आगे की रणनीति की घोषणा की जाएगी।
इस प्रस्तावित धरने में जगन्नाथपुर, धुर्वा, हटिया, बिरसा चौक, हिनू, डोरंडा, हरमू सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा वर्ग के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

Tags - ChildAbduction RanchiPolice PublicProtest LawAndOrder Jharkhand