द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
सोशल मीडिया पर शुरू हुआ संपर्क अब शादी तक पहुंचने वाला है। पंजाब के फरीदकोट जिले के मेहमुआना गांव निवासी सुखदेव सिंह के बेटे भिंडर सिंह को साहिबगंज के सकरीगली की एक मूक-बधिर युवती से प्यार हो गया। दोनों करीब दो वर्षों से सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे। बोलने में असमर्थ होने के कारण वे वीडियो कॉल पर इशारों के माध्यम से अपनी बातें साझा करते थे। इसी बीच पिछले सप्ताह भिंडर सिंह युवती से मिलने के लिए सकरीगली पहुंच गया। बताया जाता है कि वह युवती को अपने साथ लेकर वापस पंजाब लौटने की तैयारी में था, तभी दोनों रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के पकड़ में आ गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ शुरू की।

स्वजन पहुंचे जीआरपी थाना, बांड भरने के बाद मिली रिहाई
मामले की जांच के दौरान पुलिसकर्मियों को दोनों से बातचीत करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि युवक और युवती दोनों बोलने में असमर्थ थे। बाद में मामला प्रेम संबंध का होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद दोनों के परिवारों को सूचना दी गई। गुरुवार को भिंडर सिंह के पिता सुखदेव सिंह अपनी पत्नी मंजीत कौर और बेटे पवनप्रीत सिंह के साथ सकरीगली पहुंचे। युवती के परिजनों को भी थाने बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों बालिग हैं और उनके परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इसके बाद आवश्यक बांड भरवाकर दोनों को छोड़ दिया गया। बताया जाता है कि भिंडर सिंह दसवीं पास है। वहीं, युवती के पिता सेवानिवृत्त शिक्षक हैं।

परिवारों के बीच शादी को लेकर चल रही बातचीत
पुलिस से रिहाई मिलने के बाद अब दोनों परिवारों के बीच शादी कराने को लेकर बातचीत चल रही है। जानकारी के मुताबिक, सुखदेव सिंह अपने परिवार के साथ फिलहाल सकरीगली में ही रुके हुए हैं। यदि युवती के परिजन शादी के लिए सहमत हो जाते हैं, तो शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिव मंदिर में दोनों का विवाह कराया जा सकता है। इसके बाद भिंडर सिंह अपनी दुल्हन को लेकर पंजाब लौट सकता है। जीआरपी थाना प्रभारी सत्यदेव राम ने बताया कि युवक और युवती को पकड़ा गया था। दोनों बोलने में असमर्थ थे, इसलिए उनके परिजनों को बुलाया गया। दोनों के बालिग होने और किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिलने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। अब दोनों परिवारों की सहमति से विवाह की संभावना जताई जा रही है।