logo

धनबाद सीट पर दावेदारी के कयासों के बीच दिल्ली गईं पूर्णिमा नीरज सिंह

a5317.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

धनबाद लोकसभा सीट पर एनडीए ने अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है लेकिन इंडिया गठबंधन ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि झरिया से कांग्रेस पार्टी की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, धनबाद लोकसभा सीट पर दावेदारी ठोक रही हैं। इस बीच सूत्रों के हवाले से ताजा जानकारी मिली है कि पूर्णिमा नीरज सिंह, हाईकमान के बुलावे पर दिल्ली गई हैं। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली में पूर्णिमा नीरज सिंह, धनबाद लोकसभा सीट पर दावेदारी के सिलसिले में विचार-विमर्श करेंगी। बताया जा रहा है कि पूर्णिमा नीरज सिंह ने दिल्ली में झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर से मुलाकात की। दोनों के बीच लंबी बातचीत भी हुई है। हालांकि, अभी स्पष्ट नहीं है कि उनके बीच क्या बात हुई है।

बता दें कि पूर्णिमा नीरज सिंह बीच-बीच में पार्टी संगठन के कामकाज पर नाराजगी जाहिर करती रही हैं। बीजेपी द्वारा प्रत्याशियों के नाम की घोषणा से पहले तक चर्चा ये भी थी कि पूर्णिमा नीरज सिंह बीजेपी में शामिल हो सकती हैं। उनको, धनबाद से उतारने के कयास थे। हालांकि, पार्टी ने इस सीट पर बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो को प्रत्याशी बनाया है। 

एनडीए ने सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए
गौरतलब है कि एनडीए ने झारखंड की सभी 14 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। गिरिडीह सीट, आजसू पार्टी के खाते में गई है। बीजेपी ने चाईबासा, दुमका और कोडरमा संसदीय सीट पर 3 महिलाओं को मौका दिया है वहीं, इंडिया गठबंधन की तरफ से 3 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है लेकिन सभी पुरुष हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि धनबाद से पूर्णिमा नीरज सिंह को मौका मिल सकता है। दरअसल, पूर्णिमा नीरज सिंह कांग्रेस पार्टी की सशक्त नेता हैं और उनकी दावेदारी भी मजबूत हैं। हालांकि, आखिरी फैसला हाईकमान को करना है। सूत्रों का कहना है कि पूर्णिमा नीरज सिंह की महात्वाकांक्षा अब दिल्ली जाने की है और वह धनबाद लोकसभा सीट से टिकट चाहती है। 

धनबाद सीट पर पूर्णिमा नीरज सिंह की दावेदारी
बता दें कि झारखंड में बीजेपी ने चाईबासा से गीता कोड़ा, दुमका से सीता सोरेन और कोडरमा से अन्नपूर्णा देवी को प्रत्याशी बनाया है। इंडिया गठबंधन ने अभी तक किसी महिला उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया है। कांग्रेस पार्टी इस बात के लिए आलोचना का सामना भी कर रही है। पूर्णिमा नीरज सिंह कुछ वक्त से पार्टी संगठन के फैसलों और कामकाज पर सवाल उठाती रही हैं। नाराजगी जाहिर करती रही हैं। पिछले बजट सत्र के दौरान उन्होंने बीजेपी में जाने के सवाल पर कहा था कि अभी तो कांग्रेस में हूं लेकिन आगे का नहीं जानती। कांग्रेस पार्टी में धनबाद में फिलहाल, पूर्णिमा नीरज सिंह ही बड़ा चेहरा नजर आती हैं। ऐसे में कयास हैं कि पार्टी, इस संसदीय सीट से उनको प्रत्याशी बना सकती है। हालांकि, अभी सबकुछ कयास हैं। 

Tags - Jharkhand NewsPurnima Neeraj SinghDhanbad Loksabha SeatLoksabha Election 2024