द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर बंद के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी के विरोध में भाजपा ने आंदोलन की रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। सोमवार को टेल्को सेक्टर मार्केट में भाजपा जमशेदपुर महानगर की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर दर्ज प्राथमिकी पर आपत्ति दर्ज कराएगा। बैठक में नेताओं ने प्राथमिकी की समीक्षा करते हुए इसे राजनीतिक दबाव में दर्ज किया गया मामला बताया और आगे की कार्रवाई पर मंथन किया।

पूर्णिमा साहू ने कहा- लोकतांत्रिक तरीके से होगा विरोध
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भाजपा हमेशा लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दों को उठाती रही है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने के लिए झूठे मुकदमों का सहारा लिया जाएगा तो पार्टी भी संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगी। वहीं प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि बंद के दौरान कोई हिंसक घटना नहीं हुई, इसके बावजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन राजनीतिक दबाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान करने का प्रयास कर रहा है।

संजीव सिन्हा बोले- कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है पार्टी
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि शहर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में भाजपा ने शांतिपूर्ण बंद का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने सभी कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है और जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर प्राथमिकी में लगाई गई धाराओं को हटाने तथा शहर में बढ़ते अपराध पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

3 जुलाई के बंद के बाद दर्ज हुई थी प्राथमिकी
गौरतलब है कि 3 जुलाई को शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, हिमांशु हत्याकांड और बढ़ते अपराध के विरोध में भाजपा ने जमशेदपुर बंद का आह्वान किया था। इस दौरान टेल्को थाना में टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला महामंत्री जितेंद्र राय, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कल्याणी शरण समेत 18 भाजपा नेताओं और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी कार्रवाई के विरोध में अब भाजपा ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार करते हुए प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराने का फैसला किया है।