द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने महान क्रांतिकारी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शनिवार को भाजपा नेताओं, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के साथ बिरसानगर संडे मार्केट परिसर स्थित प्रतिमा स्थल पर भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने “बिरसा मुंडा अमर रहे” और “भारत माता की जय” के नारे लगाए। साथ ही हुल क्रांति के महानायक सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।
विधायक पूर्णिमा साहू ने झारखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि बिरसा मुंडा की वीरता और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंकने वाले भगवान बिरसा ने झारखंड की संस्कृति, जल–जंगल–जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनका जीवन आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरव दिवस मनाकर जनजातीय समाज के गौरवपूर्ण इतिहास को सम्मान मिला है।
झारखंड स्थापना दिवस पर विधायक ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड की दशकों पुरानी मांग को पवित्र दिन बिरसा मुंडा की जयंती पर पूरा किया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के उत्थान और कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बबलू गोप, राकेश सिंह, बोलटू सरकार, हेमंत सिंह, अशोक सामंत, जितेंद्र मिश्रा, अभिमन्यु सिंह, श्वेता कुशवाहा, शशि यादव, मनीष पांडेय, रितेश झा, ममता भूमिज, रानी ठाकुर, मिथिलेश साव, ओम पोद्दार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
