logo

पुरुलिया में कुड़मी समाज का ऐतिहासिक जुटान, सुदेश महतो बोले- एकता, शिक्षा और आर्थिक विकास बढ़ाने की जरूरत

पुरुलिया में कुड़मी समाज का ऐतिहासिक जुटान, सुदेश महतो बोले- एकता, शिक्षा और आर्थिक विकास बढ़ाने की जरूरत

पुरुलिया
कुड़मी समाज की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक भागीदारी का संदेश रविवार को पुरुलिया के कोड़ाडीह मैदान से गूंजा। अवसर था कुड़मी समाज के ऐतिहासिक ‘करम परबतीया महा जड़ूआही’ का, जिसमें पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों की संख्या में लोग शामिल हुए। विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने समाज को शिक्षा, आर्थिक विकास, सामाजिक चिंतन और राजनीतिक भागीदारी के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। महाजुटान को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि समाज की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमें एक साथ चलना है, अपना सामाजिक दायरा बढ़ाना है और शिक्षा, आर्थिक विकास, सामाजिक चिंतन तथा राजनीतिक भागीदारी के क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ानी है।

समाज की पहचान और अधिकारों से जुड़े सवालों का भी उल्लेख
उन्होंने समाज की पहचान और अधिकारों से जुड़े सवालों का भी उल्लेख किया।  महतो ने कहा कि समाज की पहचान, भाषा और अधिकार से जुड़े विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष भी रखा गया है। इन सवालों का समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी पहचान और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ समाज को शिक्षा, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में भी मजबूत होना होगा। सुदेश महतो ने विशेष रूप से युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि आने वाला समय युवाओं का है। युवाओं को केवल रोजगार की तलाश तक सीमित न रहकर सामाजिक जिम्मेदारियों और नेतृत्व की भूमिका में भी आगे आना होगा। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जागरूकता और संगठन के माध्यम से युवाओं को समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महाजुटान में पारंपरिक सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव की झलक देखने को मिली। आयोजकों ने कहा कि कोड़ाडीह मैदान में हुआ यह महाजुटान सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश लेकर आया है। कार्यक्रम में तीन राज्यों से पहुंचे लोगों की व्यापक भागीदारी ने सामाजिक संबंधों और सांस्कृतिक जुड़ाव को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - Sudesh Mahto Kudmi Samaj Purulia Karam Parbatiya Jharkhand Politics