logo

Ranchi : रघुवर दास ने सीएम हेमंत सोरेन को लिखी चिट्ठी, कृषि बाजार शुल्क हटाने की मांग

Raghubardas2.jpg

रांची: 

पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चिट्ठी लिखी है। रघुवर दास ने मुख्यमंत्री से कृषि कर कानून वापस लेने की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में कृषि कर को समाप्त कर दिया गया था। इसका लाभ छोटे किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को मिलता था। उन्होंने कहा कि यदि इसे फिर से लागू किया गया तो छोटे किसानों, व्यापारी तथा आम लोगों को परेशानी होगी। भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा मिलेगा। 

झारखंड में आ जाएगा खाद्यान्न संकट 
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि कर कानून की वजह से व्यवसायी आंदोलन कर रहे हैं। खाद्यान्न का उठाव बंद हो गया है। प्रदेश में अनाज की किल्लत हो गई है। रघुवर दास ने चिट्ठी में लिखा है कि विधेयक की धारा-66 के तहत 2 फीसदी कृषि कर लगाने का प्रावधान किया गया है। जानकारों का मानना है कि इसकी वजह से झारखंड के लोगों को 4 से 5 फीसदी महंगा अनाज खरीदना होगा। रघुवर दास ने कहा है कि इसकी वजह से इंस्पेक्टर राज आएगा और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। 

केंद्र सरकार ने कृषि कर को समाप्त किया
रघुवर दास ने कहा है कि केंद्र सरकार ने कृषि कर को समाप्त कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने आह्वान किया था कि सभी पुराने कर हटाए जाएं लेकिन आप हटा दिए गये कर को थोपना चाहते हैं। महामहिम राज्यपाल के पास से तकनीकी कारणों से फाइल लौटा दी गई है। रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि कृषि बाजार शुल्क को हटा दिया जाये।