logo

लाल गलियारा : लोहरदगा के बुलबुल जंगल में तीन दिनों से छापेमारी जारी, मुठभेड़ में जख्मी हुए नक्सली

peshrar.jpg

लोहरदगा:

भाकपा (माओवादी) का रीजनल कमांडर और 15 लाख का इनामी नक्सली रविंद्र गंझू अपने दस्ते के साथ पेशरार थानाक्षेत्र के बुलबुल जंगल में है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इस अभियान में जिला पुलिस बल भी शामिल है। तीन दिनों से जवान इलाके में तैनात हैं। आज सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की सूचना है। जिसमें नक्सलियों को गोली लगने की बात कही जा रही है। हथियार और कारतूस समेत कई सामान की बरामदगी की भी खबर है।

 

पेशरार थाना क्षेत्र के बुलबुल नाला के पास मुठभेड़ का पता चल रहा है। अभियान के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से लगभग आधे घंटे तक गोलीबारी हुई। इसके बाद नक्सली भाग गए। कहा जा रहा है कि नक्सलियों का बंकर भी ध्वस्त हुआ है। जंगल में 400 से ज्यादा जवान सुरक्षा बल नक्सलियों को घेरे हुए हैं।लोहरदगा के अलावा लातेहार और गुमला जिला के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए हेलीकॉप्टर को भी लोहरदगा में स्टैंडबाई पर रखा गया है।

 

 

12 फरवरी को लोहरदगा के पेशरार थानाक्षेत्र अंतर्गत बुलबुल जंगल में ही आईईडी ब्लास्ट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का एक जवान घायल हो गया था। घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए रांची लाया गया । मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों के खिलाफ जारी सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसकी चपेट में आकर जवान घायल हो गया। घायल जवान को चॉपर से रांची लाया गया था। गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को भी लोहरदगा के पेशरार थानाक्षेत्र में बारूदी सुरंग की चपेट में आकर सीआरपीएफ के 2 जवान घायल हो गये थे। उनका इलाज भी राजधानी रांची में किया जा रहा है। इस घटना के बाद से ही इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।