logo

झारखंड में आज से 4 दिन तक बारिश का अलर्ट, एक्टिव है मानसून

वोीगेप.jpg

द फॉलोअप टीम, रांचीः 
झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी समेत पूरे झारखंड में बुधवार से लगातार चार दिन बारिश होने की संभावना जतायी गई है। अगले 24 घंटों के दौरान रांची समेत इसके आसपास और दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान राज्य के अंदर कहीं-कहीं वज्रपात होने की आशंका भी है। राज्य में मानसून अभी शिथिल है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में होने वाले बदलाव के कारण इसके जोर पकड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य खाड़ी के पूरब में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब मध्य खाड़ी से लेकर इसके उत्तरी हिस्से तक कायम है। अगले 24 घंटों में इसके निम्न दबाव से गहरे निम्न दबाव क्षेत्र में परिवर्तित होने का पूर्वानुमान है। यह ओडिशा के दक्षिण और आंध्रप्रदेश के उत्तरी भाग से होकर पश्चिम उत्तर की दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके अलावा एक अन्य सिस्टम यूपी के दक्षिण-पश्चिमी भाग में कायम साइक्लोनिक सर्कुलेशन से लेकर मध्य बंगाल की खाड़ी तक बन गया है। यह छत्तीसगढ़ और झारखंड से होकर गुजर रहा है, जबकि मानसून टर्फ देश के पश्चिम भाग में स्थित जैसलमेर, शिवपुरी, रांची, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक विद्यमान है। इन कारणों से झारखंड में अच्छी बारिश होने की संभावना बनी है।


इन इलाकों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज गढ़वा, खूंटी, पलामू, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। 14 सितंबर को रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और प. सिंहभूम में बारिश हो सकती है जबकि 15 को संताल और और कोल्हान को दो जिलों को छोड़ पूरे राज्य में भारी बारिश का अनुमान है। इसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में कई जगहों पर वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने सावधान रहने की अपील की है। झारखंड में मानसून कमजोर रहा है। राज्य में औसत से कम बारिश हुई है। सामान्य वर्षापात 899.6 मिमी की तुलना में एक जून से लेकर अभी तक 593.3 मिमी हुआ है, यह 34 फीसदी कम है। रांची में इस दौरान सामान्य वर्षा 918.6 मिमी की तुलना में 596.2 मिमी हुई है, जो कि इस सीजन में 35 फीसदी कम है। साहिबंगज और गोड्डा को छोड़कर सभी जिलों में कम बारिश हुई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N