logo

झारखंड में कल से 4 दिन बारिश, 4 डिग्री गिरेगा पारा; गर्मी से मिलेगी राहत

rain33.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। कल से कुछ दिनों तक बारिश के आसार बन रहे हैं। दरअसल साइक्लोनिक सरकुलेशन के कारण एक टर्फ मेघालय से मराठवाड़ा तक बन रहा है। जिसका असर बंगाल, झारखंड और ओडिशा पर भी पड़ेगा। छह से 10 मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना है। राज्य मौसम केंद्र ने इसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। छह और सात मई को राज्य के उत्तर-पूर्व (संताल-कोयलांचल) और दक्षिणी छोटानागपुर इलाके में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।


मौसम विभाग, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिम बंगाल के तराई क्षेत्र और असम के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की प्रक्रिया शुरू हुई है। इसके असर से झारखंड के मौसम में बदलाव होगा। कहीं-कहीं तेज हवा के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है। उन्होंने बताया कि 8 मई से 10 मई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश के आसार बन रहे हैं। रविवार को गोड्डा, पाकुड़, बोकारो, धनबाद, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में कहीं-कहीं हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में सर्वाधिक गर्म सरायकेला रहा। यहां तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रांची का तापमान 38.4 डिग्री रहा।


तापमान में कमी आ सकती है
जिस दिन से बारिश होगी उस दिन से तेज हवा चलने की भी संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। 10 मई तक राज्य के राजधानी सहित राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। इससे तापमान गिर सकता है। राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेसि के आसपास तक जा सकता है। न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री सेसि तक जा सकता है। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेसि रहा। शुक्रवार की तुलना में दो फीसदी तापमान बढ़ा। रविवार को भी तापमान चढ़ा रहेगा। सोमवार से मौसम में बदलाव के साथ तापमान भी गिरने का अनुमान है। राज्य के कई जिलों का तापमान अभी 40 डिग्री सेसि से नीचे आ गया है।

Tags - Weather Jharkhand Weather Jharkhand Rain in Jharkhand Rainy season Summer in Jharkhand Heat wave in Jharkhand