logo

कूड़ेदान में फेंके ढक्कन से बन रहा राम दरबार, हजारीबाग में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

dhankan_2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्री राम के प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। इसे लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है। हर एक व्यक्ति अपने-अपने तरीके से भगवान श्री राम को श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहा है। इसी कड़ी में हजारीबाग के कलाकार सुमिल गुंजन के नेतृत्व में कूड़े में फेंके हुए ढक्कन से राम दरबार बना रहे हैं। 15 लाख बोतल के ढक्कन से 15 हजार स्क्वायर फीट राम दरबार बनाया जा रहा है। जिले के संत कोलंबस कॉलेज मैदान में बन रहा है। कहा जा रहा है कि यह अंतर्राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित करेगा। गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड में इस कलाकृति का नाम दर्ज होगा। 


30 कलाकार 10 दिन में बनाएंगे कलाकृति 
कलाकार सुमित गुंजन गिरिडीह के रहने वाले हैं। उनके ही नेतृत्व में राम दरबार हजारीबाग के संत कोलंबस कॉलेज मैदान में बन रहा है। गुंजन बताते हैं कि पब्लिक डिमांड पर और वर्तमान समय में भगवान श्री राम के प्रति आस्था को देखते हुए यह कलाकृति बनाई जा रही है। जिसे मोजाइक आर्ट कहा जाता है। दरअसल इसमें टूटे-फूटे सामान को जोड़कर एक नई कलाकृति बनाई जाती है। इस कलाकृति को बनाने में हजारीबाग, धनबाद, बोकारो गिरिडीह, देवघर और दुमका से कलाकार पहुंचे हैं। लगभग 30 कलाकार 9 से 10 दिनों तक मेहनत करने के बाद कलाकृति तैयार कर पाएंगे। यह कोशिश की जा रही है कि 19 से लेकर 20 जनवरी तक कलाकृति तैयार कर ली जाए।

वसुधा कल्याण संस्था के साथ मिलकर करेंगे काम
गुंजन की टीम वसुधा कल्याण संस्था के साथ मिलकर हजारीबाग में कीर्तिमान बनाने की तैयारी में जुट गई है। वसुधा कल्याण संस्था स्वच्छता के लिए हजारीबाग जिले में काम कर रही है। जिसमें 80 से अधिक सदस्य हैं। वसुधा कल्याण संस्था की सदस्य बताती हैं कि 15 लाख प्लास्टिक के ढक्कन जमा करने में 5 महीने से अधिक का समय लगा है। जिसे हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर और धनबाद से इकट्ठा किया गया है। ढक्कन साफ किया जा रहा है और इसके बाद अंतर्राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित करने के लिए कलाकृति निर्माण की शुरुआत की जाएगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\