logo

रामगढ़ में युवक की हत्या कर पुल के पास फेंका शव, मेला घूमने निकला था परिवार

रामगढ़ में युवक की हत्या कर पुल के पास फेंका शव, मेला घूमने निकला था परिवार

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रामगढ़ जिले के कहुआबेड़ा, सिरका निवासी रोहित प्रजापति (39) की हत्या कर शव मंगरदाहा स्थित सिरका बुधबाजार पुल के पास फेंक दिया गया। मंगलवार की रात घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। रोहित पिछले दो वर्षों से पत्नी और बच्चों के साथ रामगढ़ में किराये के मकान में रह रहा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर को वह अपने परिवार के साथ किराये के वाहन से अरगड्डा मेला घूमने निकला था। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर रोहित और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। मृतक की पुत्री के अनुसार, झगड़े के बाद रोहित गाड़ी से उतर गया था। इसके बाद वह मंगरदाहा स्थित पुल के पास कैसे पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।


हत्या के विरोध में सड़क जाम, सुबह 9:15 बजे हटा जाम
रोहित का शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार सुबह करीब आठ बजे सड़क जाम कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्याकांड का जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सुबह 9:15 बजे जाम हटा लिया गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और वे दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


विधायक निर्मल महतो ने भी की जांच की मांग
कुजू पुलिस ने शव बरामद कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रोहित की हत्या किस वजह से की गई और इसमें कौन लोग शामिल हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मांडू विधायक निर्मल महतो ने भी पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की है। पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Tags - Ramgarh News Jharkhand Crime Murder Case Kuju Police Jharkhand News