logo

रामनवमी को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, DGP ने उच्चस्तरीय बैठक कर कड़े सुरक्षा इंतजाम के दिए निर्देश

DGP_RNC_MEET.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

राजधानी रांची में रामनवमी पर्व को लेकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को रांची SSP कार्यालय में DGP तदासा मिश्रा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में DGP ने सभी अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि रामनवमी के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। खासकर संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने जुलूस और शोभायात्रा के निर्धारित रूट का भौतिक सत्यापन करने के साथ-साथ हर पहलू पर निगरानी रखने का निर्देश दिया।

वहीं विशेष रूप से डीजीपी ने सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी कड़ी नजर रखने को कहा, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बैठक में अपर महानिदेशक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र रांची, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात) सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

Tags - ranchi ramnavami security ranchi police alert dgp tadasa mishra meeting high level police meeting ranchi ramnavami law and order police deployment ramnavami sensitive area vigilance crowd management ranchi festival security measures police instru