logo

बड़ी खबर : दावोस में सीएम हेमंत सोरेन की टाटा स्टील संग अहम बैठक, झारखंड में 11,000 करोड़ रुपये के निवेश का संकल्प, WEF ने किया सम्मानित

cm1110.jpg


रांची/दावोस/स्विट्ज़रलैंड

विश्व आर्थिक मंच (WEF) दावोस के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान टाटा स्टील ने न्यू-एज ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी के तहत झारखण्ड में कुल 11,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता दोहराई। निवेश को लेकर आशय पत्र एवं सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
प्रस्तावित निवेश में हिरसाना ईज़ी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी (₹7,000 करोड़), कॉम्बी मिल परियोजना (₹1,500 करोड़) और टिनप्लेट विस्तार परियोजना (₹2,600 करोड़) शामिल हैं। ये सभी परियोजनाएं पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी, जिनमें नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। हिताची ने विद्युत, उच्च स्तरीय ग्रिडिंग और उन्नत अवसंरचना में निवेश का प्रस्ताव भी रखा।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार टिकाऊ औद्योगिक विकास, स्वच्छ तकनीक और स्थानीय रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है। यह साझेदारी झारखण्ड को हरित औद्योगिक परिवर्तन का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है और राष्ट्रीय जलवायु लक्ष्यों को भी गति देगी।
WEF का सम्मान, स्वीडन की अर्बन ट्रांसपोर्ट में रुचि
WEF द्वारा मुख्यमंत्री को व्हाइट बैज प्रदान किया गया और सहयोग का औपचारिक पत्र सौंपा गया। यह सहयोग क्रिटिकल मिनरल्स एवं नई ऊर्जा, तथा जलवायु व जैव-विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर केंद्रित है। राज्य का विजन 2050 WEF की समावेशी समाज की अवधारणा से मेल खाता है।
स्वीडन ने अर्बन ट्रांसपोर्ट में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। इस दिशा में अप्रैल में भारत–स्वीडन राउंड टेबल मीटिंग आयोजित किए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री की स्वीडन की कंपनियों से मुलाकात भी हुई, जिनसे पिछले वर्ष बातचीत हुई थी।
इसके अलावा वर्ल्ड वुमन पॉलिटिकल लीडर्स फ़ोरम के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात में महिला राजनीतिक नेतृत्व के सशक्तिकरण, भारत चैप्टर की स्थापना और गैर-दलीय साझा मंच के गठन पर चर्चा हुई।
बैठक में टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टी. वी. नरेंद्रन, स्वीडन इंडिया बिज़नेस काउंसिल की सेसिलिया ओल्डने, वुमन पॉलिटिकल लीडर्स फ़ोरम की सिलवाना कोच-मेहरिन, WEF से विराज मेहता, हिताची इंडिया के भारत कौशल और टेक महिंद्रा के साहिल धवन सहित अन्य प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags - Ranch Davos Jharkhand Secures Green Steel WEF