रांची:
रांची (Ranchi) के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट (Birsa Munda Airport) को 3 बार उड़ान की धमकी मिल चुकी है। इस मामले की जांच में टीम पूरे तरीके से लगी हुई है। इसी कड़ी में रांची पुलिस (Jharkhand Police) ने एक युवक को हिरासत में लिया है। उस व्यक्ति से पूछताछ जारी है। वहीं रांची पुलिस की एक टीम इस मामले में बिहार (Bihar) के नालंदा में स्थानीय पुलिस के साथ छापेमारी कर रही है।

सिम बिहार के नालंदा के व्यक्ति के नाम पर
पुलिस ने बताया है जिस व्यक्ति के फोन से धमकी के कॉल आए थे उसे रांची में पकड़ा लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उससे जुड़ी अन्य जानकारी को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस की एक टीम बिहार पुलिस की मदद से कुछ जगहों पर छापेमारी कर रहे है। इनमें नालंदा, बड़गांव, कतरीसराय, सूरजपुर व अन्य गांवों शामिल हैं। पुलिस ने आगे जानकारी दी कि जिस सिम से कॉल और मैसेज आए थे वह सिम बिहार के नालंदा के रितेश के नाम पर है। इसी कड़ी में पुलिस की टीम वहां गई है। टीम के सदस्यों ने यहां जानकारी दी कि वे आरोपी को दबोचने के करीब पहुंच गये हैं।

28-29 जुलाई को मिली थी एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी
बता दें कि 28-29 जुलाई को एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके साथ 20 लाख रुपये की मांग भी की गई थी। धमकी देने वाले ने कहा कि उसका नजदीकी गंभीर रूप से बीमार है। उसके इलाज के लिए राशि नहीं दी गई तो घटना को स्वतंत्रता दिवस के पहले अंजाम देगा। हालांकि, निदेशक ने जब राशि भेजने के लिए अकाउंट नंबर मांगा, तो फोन काट दिया। इसके बाद एक अगस्त को निदेशक के मोबाइल पर वही धमकी टेक्स्ट मैसेज के रूप में आया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। हालांकि, अब तक इस मामले में एफआईआर नहीं करायी गयी है।