logo

रांची के पॉश इलाके में देर रात चोरी की कोशिश, फायरिंग के दौरान अपनी ही गोली से घायल हुआ बॉडीगार्ड

पोीो3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के अशोक नगर रोड नंबर 5B में बुधवार देर रात करीब दो बजे गोली चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी नितेश प्रियदर्शी के घर में दो अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात बॉडीगार्ड की नजर उन पर पड़ गई। बॉडीगार्ड ने दोनों संदिग्धों को रोकने और पकड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।


आत्मरक्षा के दौरान अपनी ही गोली से घायल हुआ बॉडीगार्ड
जानकारी के अनुसार, संदिग्धों को डराने और आत्मरक्षा के उद्देश्य से बॉडीगार्ड ने अपनी लाइसेंसी हथियार निकाली और फायरिंग करने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक हथियार से निकली गोली उसी को जा लगी। गोली लगते ही बॉडीगार्ड गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद गोली की आवाज सुनकर दोनों बदमाश मौके का फायदा उठाते हुए अंधेरे का लाभ लेकर फरार हो गए।


पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। घायल बॉडीगार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार संदिग्धों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Tags - Ranchi Ashok Nagar Firing Bodyguard Theft Attempt Crime News Jharkhand Police Investigation Breaking News