logo

रांची देर रात फायरिंग, युवक के पेट में लगी गोली; शराब पार्टी के बाद विवाद

मपोगुदतग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के मंडा बगीचा में रविवार की देर रात आपसी विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में टोनी लोहरा नामक युवक को गोली लगी है। गोली पेट में लगने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल टोनी लोहरा को इलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। सदर डीएसपी ने घटना की पुष्टि की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार की रात मंडा बगीचा में कई युवक पार्टी करने के लिए जुटे थे। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान शराब का भी सेवन किया जा रहा था। रात करीब दो बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कुछ युवक इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि भागने वाले कई युवक नशे में थे।


विवाद के बाद फायरिंग की आशंका
फायरिंग के बाद मौके पर एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। कुछ लोगों ने उसे उठाकर वाहन में रखा और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसकी पहचान टोनी लोहरा के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद एक पक्ष की ओर से फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, फायरिंग किसने की और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसका अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी
घटना की जानकारी बरियातू पुलिस को सोमवार सुबह मिली। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और सदर डीएसपी संजीव बेसरा तथा बरियातू थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि गोलीबारी की घटना में एक युवक घायल हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इस वारदात के पीछे की कहानी के बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने की और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले में ज्यादा जानकारी सामने आ सकेगी।
 

Tags - Ranchi Firing Bariyatu Manda Bagicha Tony Lohra Ranchi Crime Firing Incident