logo

Ranchi : खस्ताहाल HEC कभी भी हो सकता है बंद! अधिकारियों-कामगारों का वेतन देने तक के पैसे नहीं...

A24.jpg

रांची: 

रांची स्थित भारत सरकार का उपक्रम हैवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HEC) कभी भी बंद हो सकता है। कंपनी की हालत बेहद खराब है। आर्थिक हालात इतने खराब हैं कि कामगारों को 8 महीने से जबकि अधिकारियों को 1 साल से वेतन नहीं मिला। कंपनी की खस्ता हालत का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि ये देश के रणनीतिक क्षेत्र का कार्यादेश भी पूरा नहीं कर पा रहा है। एचईसीके तीनों प्लाटों के 50 फीसदी से ज्यादा शॉप में कच्चे माल का उत्पादन नहीं हो रहा है। 

भारी उद्योग मंत्रालय से मांगी सहायता
कंपनी के एचएमबीपी और एफएफपी सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। रक्षा, अंतरिक्ष और दूसरे रणनीतिक क्षेत्र के कार्यादेशों को पूरा करने के लिए कंपनी के पास पैसा नहीं है। एचईसी प्रबंधन ने भारी उद्योग मंत्रालय से कम से कम 1 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मांगी है। कंपनी का मानना है कि यदि ये पैसे मिलते हैं तो महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा किया जा सकता है। 

इसरो के लिए लांचिंग पैड बना रहा एचईसी
दरअसल, एचईसी इन दिनों इसरो के लिए लांचिंग पैड बना रहा है। इसके उपकरणों को बनाने के लिए स्पेशल स्टील की जरूरत है। एचईसी ने सेल से स्टील मांगा लेकिन सेल ने पहले बकाया का भुगतान करने के बाद ही स्टील देने की बात कही। बता दें कि सेल का एचईसी पर तकरीबन 5 करोड़ रुपये बकाया है। यदि सेल से स्पेशल स्टील नहीं मिला तो मार्च 2023 तक लांचिंग पैड की आपूर्ति संभव नहीं होगी। रक्षा मंत्रालय के प्रोजेक्ट आकंक्षा के उपकरणों का निर्यात भी रुक गया है। 

मशीनें चलाने के लिए नहीं खरीद पा रहे तेल
दरअसल, एचएमबीपी प्लांट में कई बड़ी मशीनें हैं जिनको चलाने के लिए स्पेशल ऑयल की जरूरत होती है। एचईसी प्रबंधन ये ऑयल खरीद पाने में भी सक्षम नहीं है। इस वजह से मशीने बंद है। एचएमबीपी के भी आधा दर्जन से ज्यादा शॉप बंद हैं। उत्पादन ठप होने की वजह से कई उपकरणों का निर्माण समय पर पूरा नहीं हो पाएगा। प्रबंधन को जुर्माना भी भरना पड़ सकता है।