द फॉलोअप डेस्क
रांची के हरमू रोड के भारत माता चौक के पास बुधवार सुबह स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय ऑटो में 10 से अधिक छात्र सवार थे, जो स्कूल जा रहे थे। सभी छात्र डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल बताए जा रहे हैं। ऑटो पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए ऑटो में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

अभिभावकों को दी गई सूचना, अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना के बाद बच्चों के स्कूल पहचान पत्र (आई-कार्ड) के आधार पर उनके अभिभावकों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक घटनास्थल पर पहुंचे और अपने बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ बच्चों के सिर में चोट लगी है, जबकि अन्य को भी मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ऑटो किस कारण अनियंत्रित होकर पलटा। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।