द फॉलोअप डेस्क
रांची के बरियातू हाउसिंग कॉलोनी निवासी और भारतीय विदेश सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारी अंजनी कुमार सहाय को यूक्रेन में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा। विदेश मंत्रालय ने 7 जुलाई को उनकी नियुक्ति की घोषणा की थी। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें आधिकारिक नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया, जिसके साथ यूक्रेन में उनकी तैनाती की औपचारिक प्रक्रिया भी पूरी हो गई।

यूक्रेन रवाना होंगे अंजनी कुमार सहाय
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद अंजनी कुमार सहाय शनिवार को अपने परिवार के साथ यूक्रेन के लिए रवाना होंगे। वहां वे भारत और यूक्रेन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ विभिन्न कूटनीतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। भारतीय विदेश सेवा के अनुभवी अधिकारी अंजनी कुमार सहाय इससे पहले माली और मॉरिटानिया में भी भारत के राजदूत के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें यूक्रेन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रांची से अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के महत्वपूर्ण पद तक पहुंचे
बरियातू हाउसिंग कॉलोनी से निकलकर अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के महत्वपूर्ण पद तक पहुंचना अंजनी कुमार सहाय की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। उनके यूक्रेन में भारत का राजदूत बनने से रांची सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि राज्य के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है और यह संदेश देती है कि मेहनत, प्रतिभा और समर्पण के बल पर वैश्विक स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया जा सकता है।