द फॉलोअप डेस्क
रांची के अरगोड़ा स्थित माही रेस्टोरेंट के संचालक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रंगदारी की रकम नहीं देने पर रेस्टोरेंट संचालक और उनके परिवार को जान से मारने के साथ दुकान में आग लगाने की धमकी दी गई। मामले को लेकर कांके के झिरगा टोली निवासी रेस्टोरेंट संचालक दिनेश कुमार मिश्रा ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल, अनूप गर्ग और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। दिनेश मिश्रा के अनुसार, 19 अगस्त की शाम करीब 6.30 बजे वह रेस्टोरेंट में बैठे थे। इसी दौरान रवि प्रकाश जायसवाल एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा। दोनों ने बताया कि उन्हें अनूप गर्ग ने भेजा है।

केस वापस लेने का दबाव, सात दिन में रकम देने की धमकी
दिनेश मिश्रा के अनुसार, आरोपियों ने उनसे कहा कि उनके बड़े भाई संजय मिश्रा ने अनूप गर्ग के खिलाफ रांची जिला न्यायालय और दिल्ली हाईकोर्ट में क्वैशिंग याचिका दायर की है। आरोपियों ने याचिका वापस लेने का दबाव बनाया। इसके बाद दिनेश मिश्रा से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। आरोप है कि सात दिनों के भीतर रकम नहीं देने पर दिनेश मिश्रा और उनके परिवार को जान से मारने तथा रेस्टोरेंट में आग लगाने की धमकी दी गई। दिनेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।

रवि प्रकाश ने भी दर्ज कराई प्राथमिकी
इधर, पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल ने भी दिनेश मिश्रा और अरविंद मिश्रा के खिलाफ अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। रवि प्रकाश ने आरोप लगाया कि दोनों ने समझौते के लिए उन्हें केएफसी के पास स्थित अपनी दुकान पर बुलाया था। उनके अनुसार, वहां पहुंचने के बाद दोनों ने दर्ज केस में समझौता करने का दबाव बनाया। रवि प्रकाश का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की।