द फॉलोअप डेस्क
रांची के कचहरी रोड स्थित वेंडर मार्केट आज बुधवार को बंद होने की सूचना मिली है। जानकारी के मुताबिक, मामला नगर निगम की ओर से री-लॉटरी निकाले जाने का है। बताया जा रहा है कि, निगम की री-लॉटरी को लेकर वेंडर मार्केट के दुकानदार ही दो गुटों में बंट गए। जानकारी के अनुसार, वेंडर मार्केट के कुछ दुकानदार नगर निगम की री-लॉटरी का विरोध कर रहे हैं, तो वहीं, कुछ दुकानदार इसका समर्थन करते नजर आए। दरअसल यह विरोध, 2019 में वेंडर मार्केट के पीछे वाले हिस्से में दुकानें आवंटित करने को हो रहा है। जिसमें विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से साल 2019 में 3 साल के लिए दुकानें आवंटित की गई थीं और 3 साल बाद उसे रीन्यू किया जाना था। लेकिन, नगर निगम अब, दुकानों को रीन्यू करने के बजाय री-लॉटरी निकाल रहा है।
.jpeg)
विरोध कर रहे लोगों का इस पर कहना है कि, नगर निगम वेंडर मार्केट के दुकानदारों के साथ अन्याय कर रहा है। वहीं, नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि, वेंडर मार्केट की दुकानों की री-लॉटरी निकाले जाने संबंधी लेटर 31 जनवरी 2026 को ही जारी कर दिया गया था। जहां, इस लेटर में निगम की ओर से लेटर में साफ कहा गया है कि सर्जना चौक से लेकर कचहरी चौक तक फुटपाथ पर बैठने वाले विक्रेताओं को साल 2019 में ही, अटल स्मृति वेंडर मार्केट में लॉटरी के माध्यम से दुकान खोलने के लिए जगह और चबूतरा आवंटित किए गए था।

आगे निगम के अधिकारियों का कहना है कि, लेटर में साफ कहा गया है कि एकरारनामा की शर्त की कंडिका-9 के अनुसार सरकार द्वारा निर्गत आदेश, नियम और संकल्प का पालन करना जरूरी है। नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि 7 जनवरी को नगर निगम के प्रशासक की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी, जिसमें इस बात पर सहमति बनी थी कि, दुकानों के आवंटन के तीन साल पूरे होने पर उनकी री-लॉटरी निकालने का फैसला लिया जाएगा। उधर, वेंडर मार्केट के दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारियों की वेंडर मार्केट के कुछ दुकानदारों के साथ मिलीभगत है, जिसके चलते निगम ने री-लॉटरी निकालने का फैसला लिया है।