logo

कमलेश हत्याकांड का पर्दाफाश, अवैध संबंधों के चक्कर में हुआ कत्ल; घर में मारकर हाइवा से कुचला

rnc_RURAL.JPG

रांची 

रांची पुलिस ने टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में हुए कमलेश कुमार हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए मामले में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला टाटीसिलवे थाना कांड संख्या 52/2026 के तहत 03 मई को धारा 103(1)/238 B.N.S के अंतर्गत दर्ज किया गया था। रांची एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। इस दल में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम, टाटीसिलवे थाना, नामकुम थाना औए तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे। 

सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश

लगातार छापामारी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान शिवनाथ कुमार सिंह, अंगिता देवी और साहिल राजा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक हाईवा ट्रक एवं एक स्कूटी को भी बरामद किया गया है। इसके साथ ही तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिसिया जांच में यह सामने आया है कि मृतक कमलेश कुमार की हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी शिवनाथ कुमार सिंह और उनकी पत्नी अंगिता देवी ने अपने आवास पर हत्या की घटना को अंजाम दिया और बाद में शव को हाईवा वाहन से टाटीसिलवे क्षेत्र के मानकी डीपा रिंग रोड के पास लाकर सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे फेंककर उस पर वाहन का पहिया चढ़ा दिया गया था। 

कमलेश का अंगिता देवी से अवैध संबंध

वहीं जांच में यह बातें भी सामने आईं है कि कमलेश का अंगिता देवी से अवैध संबंध था। जिसकी जानकारी शिवनाथ कुमार सिंह को मिल गयी। दरअसल कमलेश की कुछ दिनों पहले ही शादी हो गयी और इसी के बाद अंगिता देवी ने कमलेश से दुरी बनाना शुरू कर दिया। आखिकार अंगिता देवी ने अपने पति शिवनाथ कुमार सिंह को बताया कि कमलेश उसे बहुत दिनों से परेशान कर रहा है। जिसके बाद पति पत्नी ने मिलकर उसे अपने घर बुलाकर पहले मादक प्रदार्थ का सेवन करवाया फिर गला घोटकर उसकी हत्या कर दी। इस पुरे हत्याकांड में साहिल राजा ने कमलेश के शव को हाईवा वाहन से ठिकाने लगाने में मदद की।

Tags - ranchi police kamlesh kumar murderillegal relationship