रांची:
रांची रेलवे स्टेशन पर मां की आंखों के सामने उसका चार साल का बेटा अचानक गायब हो गया। मां स्टेशन परिसर में ऑटो चालकों से अंबिकापुर जाने के लिए बस के बारे में जानकारी ले रही थी और इसी दौरान एस्केलेटर के पास से बच्चा लापता हो गया। घटना के बाद स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक बच्चे को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज में उसके आसपास कुछ अन्य संदिग्ध युवक भी नजर आ रहे हैं। बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और उसकी तलाश के लिए एसआईटी गठित की गई है।

एस्केलेटर के पास से गायब हुआ मासूम
घटना गुरुवार सुबह करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच की बतायी जा रही है। लापता बच्चे की पहचान छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित महामाया पारा निवासी चार वर्षीय विवान कुमार के रूप में हुई है। उसकी मां दिलमेत राजवाड़े (40) ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। प्राथमिकी में अज्ञात व्यक्ति पर बच्चे के अपहरण की आशंका जतायी गयी है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह पति के शराब पीने और मारपीट से परेशान होकर 19 सितंबर को अपनी छह वर्षीय बेटी प्रिंसी कुमारी और चार वर्षीय बेटे विवान के साथ घर से निकल गयी थी।
.jpeg)
अंबिकापुर जाने के लिए ऑटो चालकों से पूछ रही थी जानकारी
महिला के अनुसार, वह पहले सेलम गयी थी। वहां से छत्तीसगढ़ लौटने के लिए 24 सितंबर को ट्रेन से रांची पहुंची। रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद उसने दोनों बच्चों और सामान को एस्केलेटर के पास रखा था। इसके बाद वह अंबिकापुर जाने वाली बस के संबंध में स्टेशन के बाहर मौजूद ऑटो चालकों से पूछताछ करने लगी। इसी दौरान उसका चार वर्षीय बेटा विवान वहां से गायब हो गया। कुछ देर बाद जब महिला ने बच्चे को आसपास नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की गयी, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
.jpeg)
CCTV में बच्चे को ले जाता दिखा संदिग्ध युवक
बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्टेशन परिसर और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक फुटेज में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहना एक संदिग्ध युवक विवान को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया। फुटेज में संदिग्ध युवक के आसपास चार-पांच अन्य युवक भी नजर आ रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने से पहले किसी गिरोह की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
.jpeg)
बच्चे की तलाश में SIT गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने एसआईटी का गठन किया है। टीम का निर्देशन सिटी एसपी कर रहे हैं, जबकि सिटी डीएसपी केवी रमन के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ायी जा रही है। एसआईटी में तीन इंस्पेक्टर, आधे दर्जन से अधिक दारोगा और स्पेशल टेक्निकल टीम के सदस्यों को शामिल किया गया है। पुलिस स्टेशन और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ-साथ बच्चे के संभावित रास्तों और संदिग्धों की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने जारी किया बच्चे का हुलिया
पुलिस के अनुसार, विवान का चेहरा चौड़ा है और रंग सांवला है। उसके बाल काले और छोटे हैं। सिर के बीच में पुराने घाव के कारण कुछ हिस्से में बाल उड़े हुए हैं। उसकी लंबाई करीब तीन फीट है। घटना के समय विवान ने आसमानी रंग की चेकदार हाफ शर्ट और सफेद रंग की चेकदार हाफ पैंट पहन रखी थी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चे से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।