logo

RE-NEET परीक्षा आज, रांची के 21 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा; रिम्स के छात्र नजरबंद 

RE-NEET.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (री-नीट) को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर के 21 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।

परीक्षा के दौरान केंद्रों और उनके आसपास के क्षेत्रों में 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। केंद्रों के आसपास गश्ती दल भी सक्रिय रहेंगे।

सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी 
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। वहीं परीक्षा कार्य में लगे कर्मियों और पर्यवेक्षकों की भी जांच की जाएगी। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों के परिवहन से लेकर केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने की प्रक्रिया पर पुलिस और प्रशासन की नजर रहेगी। अधिकारियों को किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया है।

मेडिकल छात्रों को हॉस्टल और कैंपस में रहने के निर्देश 
इधर, नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने मेडिकल कॉलेजों को निर्देश दिया है कि परीक्षा से जुड़े छात्रों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। परीक्षा समाप्त होने तक हॉस्टल और कैंपस में अनुशासन बनाए रखने तथा अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाने को कहा गया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य होगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र में प्रवेश करना होगा। प्रशासन का कहना है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा को पारदर्शी तथा निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
 

Tags - NEET Re ExamRanchi NewsMedical Entrance ExamExam SecurityJharkhand Education News