logo

अमन सिंह के खात्मे पर बोलीं पूर्णिमा नीरज सिंह, कर्मों का फल मिलना निश्चित है

a136.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, धनबाद:

धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में मुख्य आरोपी गैंगस्टर अमन सिंह की धनबाद जेल में गोली मारकर हत्या कर दी गई। कभी अमन सिंह के खास रहे आशीष रंजन उर्फ छोटू ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। इस बीच दिवंगत नीरज सिंह की पत्नी और झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने एक ट्वीट किया है जिसे अमन सिंह की हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। पूर्णिमा नीरज सिंह के ट्वीट का लब्बोलुआब यही है कि कर्मों का फल इसी जन्म में मिलता है। झरिया से कांग्रेस पार्टी की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने संस्कृत में एक श्लोक भी लिखा है। 

पूर्णिमा नीरज सिंह ने ट्विटर (एक्स) पर क्या लिखा
पूर्णिमा नीरज सिंह ने गैंगस्टर अमन सिंह हत्याकांड के कुछ ही घंटो बाद अपने आधिकारिक ट्विटर (एक्स) पर लिखा अचोद्यमानानि यथा, पुष्पाणि फलानि च। स्वं कालं नातिवर्तन्ते, तथा कर्म पुरा कृतम्। जैसे फूल और फल बिना किसी प्रेरणा से स्वतः समय पर उग जाते हैं और समय का अतिक्रमण नहीं करते, उसी प्रकार पहले किये हुए कर्म भी यथासमय ही अपने फल (अच्छे या बुरे) देते हैं। अर्थात कर्मों का फल अनिवार्य रूप से मिलता है।

 

धनबाद जेल में बंद गैंगस्टर अमन सिंह की हत्या
बता दें कि मूलरूप से यूपी का रहने वाला गैंगस्टर अमन सिंह इन दिनों धनबाद जेल में बंद था। रविवार को धनबाद जेल में ही गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। डॉक्टरों के मुताबिक अमन सिंह को कुल 6 गोलियां मारी गई। 4 गोलियां उसके पेट में लगी वहीं 2 गोली सिर के आर-पार हो गई। अमन सिंह पर वैसे तो झारखंड के विभिन्न थानों में दर्जनों मामले में दर्ज थे लेकिन वह धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में मुख्य अभियुक्त था। अब, अमन सिंह के खास रहे आशीष रंजन उर्फ छोटू ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। ऑडियो जारी कर आशीष ने कहा कि मैं लंबे समय से इसकी प्लानिंग कर रहा था लेकिन मौका नहीं मिल रहा था। आशीष ने कहा कि जिस व्यक्ति ने हत्या की है, पुलिस के सामने वह मेरा ही नाम लेगा। 

21 मार्च 2017 को हुई थी कांग्रेस नेता नीरज सिंह की हत्या
बता दें कि 21 मार्च 2017 को शूटरों ने धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर और कांग्रेस नेता नीरज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। नीरज सिंह पर उस समय एके-47 से हमला किया गया था जब वह अपने रघुकुल आवास पर लौट रहे थे। बताया जाता है कि अपराधियों ने उनकी गाड़ी को घेरकर 100 राउंड से ज्यादा फायरिंग की थी। हमले में नीरज सिंह सहित उनके बॉडीगार्ड, चालक और सहयोगी की मौत हो गई थी। जांच में अमन सिंह का नाम सामने आया था। चार्जशीट में जिक्र है कि अमन सिंह ने खुद नीरज सिंह पर गोलियां चलाई थी। 50 लाख की सुपारी दी गई थी।