द फॉलोअप डेस्क
नेशनल एड्स कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (NACO) के निर्देशानुसार एवं झारखंड राज्य एड्स कंट्रोल सोसाइटी के अंतर्गत आईसीटीसी हजारीबाग के तत्वावधान में एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान के तहत आज 3 किलोमीटर "रेड रन मैराथन" कार्यक्रम का आयोजन हजारीबाग झील परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9:00 बजे मुख्य अतिथि सिविल सर्जन हजारीबाग, डॉ. अशोक कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर खेल विभाग, ट्राई टीआई, एवं चल एलएफपीटी हजारीबाग का संयुक्त सहयोग रहा।
मैराथन में दो वर्गों में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, प्रथम ग्रुप: 17 से 25 वर्ष आयु के युवा एवं युवतियाँ। द्वितीय ग्रुप: समान आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष दोनों ग्रुपों में लगभग 150 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर चयनित किया गया, जिनकी घोषणा सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने की। अपने संबोधन में डॉ. कुमार ने कहा कि “आज समाज में एचआईवी/एड्स का बढ़ता प्रभाव गंभीर चिंता का विषय है। इस रोग से बचाव हेतु समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली एवं जागरूकता के प्रसार का माध्यम बनते हैं।”
आईसीटीसी हजारीबाग की काउंसलर रंजीता ने एचआईवी/एड्स के रोकथाम एवं सावधानियों के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एड्स से बचाव का एकमात्र उपाय है “जागरूकता, सुरक्षित व्यवहार एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण।” कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित अतिथियों में डॉ. कपिल मुनि दिया, डॉ. राज किशोर, डॉ. कल्याणी, सुनीता (काउंसलर एबीसी), सहायक कार्यक्रम प्रबंधन तकनीकी निखिल, ममता रंजन, दीपक, मीना प्रजापति, नूतन, आदित्य आदि शामिल रहे।
