logo

पाकुड़ : रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ अभियान का समापन, ओवरस्पीडिंग पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

zdtjsrtjet.jpg

नंदलाल तुरी
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और नागरिकों में यातायात अनुशासन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, रांची के निर्देशानुसार जिले में “रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” अभियान चलाया गया। यह अभियान सप्ताह भर चला, जिसका समापन रविवार को मालपहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्थरघट्टा चेकपोस्ट पर वाहन जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मिथिलेश कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान नागरिकों को अति गति के खतरों, सड़क सुरक्षा नियमों और जिम्मेदार वाहन संचालन के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
डीटीओ चौधरी ने स्पष्ट कहा कि ओवरस्पीडिंग और खतरनाक स्टंट करने वालों पर मोटरयान अधिनियम 2019 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि धारा 189 के अंतर्गत सड़क पर रेसिंग या स्टंट करते पकड़े जाने पर 5,000 रुपये जुर्माना, तीन महीने का कारावास या दोनों दंड दिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नियंत्रित गति से वाहन चलाना न केवल चालक की सुरक्षा सुनिश्चित करता है बल्कि सड़क पर अन्य लोगों की जान भी बचाता है। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा “वायरल वीडियो के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए गाड़ी चलाएं।”
अभियान के दौरान नागरिकों को ‘हिट एंड रन’ और ‘गुड सेमेरिटन’ (नेक व्यक्ति) योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों को रोड सेफ्टी हैंडबुक, पंपलेट्स और ‘रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ’ संदेश सामग्री वितरित की गई। अंत में परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की “रफ़्तार नहीं, जीवन की जिम्मेदारी जगाओ। रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ।” विभाग का उद्देश्य ‘अपने सुरक्षित झारखंड’ के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

 

Tags - Latest Jharkhand News jharkhand News updates latest jharkhand News jharkhand updates latest Pakur news Pakur news Updates Pakur news Pakur news updates latest Pakur newsw Pakur News in hindi