logo

मंईयां सम्मान योजना में लाभुक महिलाओं की संख्या लगातार घटा रही है सरकार : पूर्व सीएम रघुवर दास ने लगाया आरोप

ragh.jpg

पश्चिमी सिंहभूम, गोइलकेरा

पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड के भरडीहा गांव में प्रगति स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास उपस्थित रहे। मौके पर रघुवर दास ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया तथा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि गांव-घर में इस तरह के खेलकूद आयोजनों से समाज को मजबूती मिलती है। बच्चों और युवाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि खेल के माध्यम से ही उन्हें आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का मंच मिलता है।


खेलकूद प्रतियोगिता से पूर्व पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भरडीहा गांव में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में भी शामिल हुए। चौपाल में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सत्ता में आते ही वर्तमान सरकार वादाखिलाफी पर उतर आई है और झारखंड की जनता को लगातार धोखा दिया जा रहा है।
रघुवर दास ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है, जिसमें हर महीने लाभुक महिलाओं की संख्या में लगातार कटौती की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की इस नीति का परिणाम आगामी चुनावों में जनता सत्ता परिवर्तन के रूप में देगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि डबल इंजन की सरकार ने उग्रवाद के खात्मे को लेकर जो संकल्प लिया था, उसका परिणाम आज सभी के सामने है। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि उनके क्षेत्र में सरकारी डॉक्टर नियमित रूप से नहीं आते हैं। बीमारी की स्थिति में उन्हें लगभग 20 किलोमीटर दूर गोइलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि कभी-कभार स्वास्थ्यकर्मी हालचाल लेने तक नहीं पहुंचते।

इस पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि वर्तमान सरकार केवल ग्रामीणों को धोखा दे रही है और जनता इसका जवाब सीधे चुनाव में देगी। मौके पर पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष किशोर डागा, भाजपा जिला मंत्री सुशीला टोप्पो, आजसू केंद्रीय सदस्य बिरसा मुंडा, जिला परिषद सदस्य शिव रतन नायक, केदार नायक सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest