logo

नियमित हो विधानसभा की समितियों की बैठक, जनता के मुद्दों का निराकरण भीः स्पीकर

vs17.jpg

रांची
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने आज विधान सभा स्थित समिति कक्ष में झारखण्ड विधान सभा के नवगठित सभी समितियों के सभापति के साथ  बैठक की। अध्यक्ष ने सभी सभापतियों को अपनी बधाई दी। अपने संबोधन में स्पीकर ने समिति की व्यवस्था और उसके क्रियाकलापों के संबंध में और अधिक कैसे सुधार लाया जाय, विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में समिति की यह बड़ी खुबसुरती है कि इसमें सत्ता पक्ष व विपक्ष दोनों के सदस्य शामिल होते हैं। राजनिति में दोनों पक्ष चाहे वह सत्ता के हो या विपक्ष की ओर से, राज्य के विकास को दृष्टिपथ में रख कर अपनी महती भूमिका अदा करते है।
 
स्पीकर ने कहा कि समिति की रिर्पोट के माध्यम से जो बातें सामने आती है,साधारणतः स्वीकृत किये जाते है। जब समिति किसी जनकल्याण से जुड़े मुद्दे पर अपनी रिर्पोट देती है, विधानसभा के पटल पर रखने के उपरांत सरकार भी उसकी अनुशंसाओं पर गंभीरता से विचार करती है। सदन के माध्यम से जो बातें प्रखर रूप से सामने आती है, सदन के उपरांत समितियां उन पर पैनी नजर रखते हुए वैसे मुद्दों को निष्पादन करने हेतु बैठक बुला कर उसका निष्पादन करती है। मैं चाहूँगा कि समिति की बैठकें एक निश्चित अंतराल पर नियमित रूप से हो। राज्य के अंदर समितियां विभिन्न जिलों में जाकर संबंधित मुद्दे, जो उनके समक्ष लाये जाते हैं, उसका निराकरण करें ताकि जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ निपटारा किया जा सकें।


स्पीकर ने राज्य के मुख्य सचिव को बैठक में निदेश दिया कि समिति की बैठकों में विभाग के पदाधिकारी निश्चित रूप से उपस्थित रहें व समिति की बैठक के अनुदेशों को अपने-अपने विभाग में त्वरित निष्पादन हेतु तत्परता के साथ कार्य करें। बैठक में सभापतियों के साथ साथ मुख्य सचिव झारखंड सरकार एवं अपर मुख्य  सचिव झारखंड सरकार एवं महालेखाकार झारखंड उपस्थित थे।

Tags - Jharkhand Assembly Committees Meeting Chairman Speaker Rabindra Nath Mahto Kalpana Soren