logo

हजारीबाग में रिटायर्ड शिक्षक पर दो राउंड फायरिंग, एक गोली छाती में लगी; हालत गंभीर

हजारीबाग में रिटायर्ड शिक्षक पर दो राउंड फायरिंग, एक गोली छाती में लगी; हालत गंभीर

हजारीबाग:
हजारीबाग के पदमा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बाइक सवार बदमाश ने रिटायर्ड शिक्षक पर दो राउंड फायरिंग कर दी। घटना में एक गोली रिटायर्ड शिक्षक की छाती में लगी, जबकि दूसरी गोली मिस हो गई। घटना के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

सैलून के पास पहुंचकर बदमाश ने अचानक की फायरिंग
घायल रिटायर्ड शिक्षक की पहचान रामदेव मेहता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामदेव मेहता सुबह अपने घर से टहलने के लिए निकले थे। घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर एक सैलून के पास वे मौजूद थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार एक व्यक्ति वहां पहुंचा और अचानक उन पर दो राउंड गोली चला दी।

छाती में लगी गोली, गंभीर हालत में RIMS रेफर
फायरिंग में एक गोली रामदेव मेहता की छाती में लगी। गोली चलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल शिक्षक को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग ले जाया गया। अस्पताल में उनका एक्स-रे और प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ रूपक कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसडीपीओ ने बताया कि एक व्यक्ति वहां पहुंचा और रिटायर्ड शिक्षक पर गोली चलाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और गोली चलाने के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की पहचान और घटना के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल फायरिंग की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
 

Tags - Hazaribagh News Crime News Jharkhand Police RIMS Ranchi Padma Police Station