logo

गुमला जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक, SAM और MAM बच्चों के लिए विशेष योजनाओं पर जोर

dtyetyn.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक उपयुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में उप विकास आयुक्त गुमला, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी LS, संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त महोदया ने विभागीय कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की और विभिन्न योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने सभी LS को निर्देश दिया कि कार्य प्रगति का सही और समय पर फोटो साझा किया जाए। पोषण ट्रैकर ऐप की समीक्षा करते हुए उन्होंने पिछले माह के प्रदर्शन की तुलना की और उसमें सुधार लाने की आवश्यकता जताई। हाइट और वजन की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि शत-प्रतिशत बच्चों का पोषण ट्रैकर ऐप में अपडेट होना चाहिए और सभी बच्चों का नियमित हाइट और वजन मापन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। यदि किसी बच्चे का वजन/लम्बाई मापना नहीं हो रहा है, तो उसका कारण सहित रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
विशुनपुर प्रखंड अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सेविकाओं से पोषण ट्रैकर ऐप में डेटा एंट्री समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। चैनपुर प्रखंड में 17 बच्चों की एंट्री लंबित रहने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और सेविकाओं को सख्ती से समय पर एंट्री पूरी करने का आदेश दिया।

बैठक में SAM और MAM बच्चों की स्थिति पर भी विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी LS को अपने-अपने क्षेत्र में चिन्हित बच्चों की संख्या प्रोफाइलिंग कर प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सितंबर माह के अंत तक विशेष ड्राइव चलाकर SAM और MAM बच्चों के लिए ठोस कार्य किए जाएं। SAM बच्चों के लिए उपचार से पहले और बाद की तस्वीरें दर्ज करते हुए तीन माह का उपचार कार्ड तैयार रखने की बात कही गई। साथ ही पोषण आहार पैकेट बनाने और बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग पर भी बल दिया गया। उन्होंने डॉक्टरों द्वारा मासिक जांच सुनिश्चित करने की बात करते हुए सिविल सर्जन को डॉक्टर्स का रोटेशनल ड्यूटी चार्ट तैयार करने का निर्देश दिया।
मातृ वंदना योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़े जाने पर भी विशेष जोर दिया गया। आधार कैंप से संबंधित समस्याओं की जानकारी सीधे जिला स्तर पर उपलब्ध कराने की बात भी उठाई गई। बैठक में कन्यादान योजना, सेविका-सहायिका की नियुक्ति, आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण और पोषण वाटिका योजना की प्रगति पर भी चर्चा की गई। बैठक के अंत में उपायुक्त महोदया ने सभी अधिकारियों और कर्मियों से कहा कि वे बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण सुधार के लिए समर्पण भाव से कार्य करें और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

 

Tags - Gumla News updates latest Gumla news updates latest Gumla News updates Gumla News updates latest Gumla News Gumla Updates Gumla News Gumla news updates latest Gumla news