द फॉलोअप डेस्क
रिम्स में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। बिरहोर समुदाय की एक महिला ने अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को तत्काल सेंट्रल इमरजेंसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। रिम्स प्रबंधन के अनुसार, महिला ने हजारीबाग के एक निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था। सोमवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

नवजात की मौत की जानकारी मिलने के बाद हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि घर लौटने की तैयारी के दौरान किसी ने महिला को उसके नवजात बच्चे की मौत की सूचना दे दी। इसके बाद वह मानसिक रूप से बेहद व्यथित हो गई और बिना कुछ सोचे-समझे अस्पताल की चौथी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा गार्ड, होमगार्ड के जवान, परिजन और अस्पताल कर्मी मौके पर पहुंचे तथा महिला को तत्काल सेंट्रल इमरजेंसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर लिया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

डॉक्टरों ने बताई मानसिक स्थिति की अहम भूमिका
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम करीब 4:30 बजे की है। ग्राउंड फ्लोर के कॉरिडोर में मौजूद लोगों ने तेज आवाज सुनने के बाद देखा कि महिला गंभीर अवस्था में जमीन पर पड़ी है। इसी दौरान उसका पति और परिवार के अन्य सदस्य भी नीचे पहुंचे। चिकित्सकों का कहना है कि प्रसव के तुरंत बाद या गर्भावस्था के दौरान कई महिलाओं की मानसिक स्थिति अस्थिर हो सकती है, जिसके कारण वे असामान्य व्यवहार कर सकती हैं। बताया जा रहा है कि महिला के पहले से तीन बच्चे हैं। पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की निगरानी में महिला का इलाज जारी है।