नंदलाल तुरी
राष्ट्रीय जनता दल महिला जिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष ज्योति कुमारी दुबे ने पाकुड़ जिले के उपायुक्त का बुके देकर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उपायुक्त के नेतृत्व में पाकुड़ जिला में विकास कार्य तेजी से गांव से लेकर शहर तक हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान ज्योति कुमारी दुबे ने उपायुक्त को एक लिखित आवेदन भी सौंपा। आवेदन में उन्होंने बताया कि चकबलरामपुर मौजा संख्या 128, पाकुड़ गांव में विभिन्न समुदायों के लोग निवास करते हैं, जिनमें गरीब मजदूर और कमजोर वर्ग के लोग भी शामिल हैं। गांव में आधी-अधूरी पीसीसी सड़क बनी हुई है, जो अब जर्जर स्थिति में है। बरसात के समय जलजमाव की समस्या से लोगों के घरों में पानी घुस जाता है, जिससे आवाजाही में काफी कठिनाई होती है।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में टेंपो, रिक्शा, टोटो या रोगी वाहन मोहल्ले में प्रवेश नहीं कर पाते, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है। मुखिया एवं वार्ड सदस्य द्वारा समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ज्योति कुमारी दुबे ने उपायुक्त से शीघ्र जलजमाव की समस्या के समाधान और पीसीसी सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। इस अवसर पर राजद के वरिष्ठ नेता सह जिला सचिव रणजीत कुमार सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
