logo

सड़क पर साइड और लाइट डिम को लेकर हिंसक झड़प, राइफल छीनकर फरार हुए सात आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

ratu_p.JPG

रांची 

राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में हुई मारपीट और लाइसेंसी राइफल छिनतई मामले का पुलिस उद्भेदन किया है। रांची पुलिस ने इस मामले में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए छीनी गई लाइसेंसी 0.315 बोर राइफल और घटना में प्रयुक्त पिकअप वैन बरामद कर ली है। घटना की जानकारी देते हुए रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया की बीते 05 मई को रातू थाना क्षेत्र के मालमाडु गांव स्थित तारूप जाने वाली सड़क पर महिंद्रा XUV में सवार सतीश कुमार और उनके सहयोगियों का सामने से आ रही पिकअप वैन में सवार लोगों से विवाद हो गया।

वाहन की लाइट डिम करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी

दरअसल सड़क पर साइड नहीं देने और वाहन की लाइट डिम नहीं करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। घटना में सतीश कुमार और उनके सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है। झड़प के दौरान पिकअप वैन में सवार लोगों ने सतीश कुमार की लाइसेंसी 0.315 बोर राइफल भी छीन ली और मौके से फरार हो गए। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय द्वितीय, पुलिस उपाधीक्षक खलारी समेत कई थाना प्रभारियों और सशस्त्र बल को शामिल किया गया।

लाइसेंसी राइफल भी बरामद

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रातू थाना क्षेत्र के मुरचू गांव में छापेमारी कर इस कांड में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर ली गई। वहीं घटना में प्रयुक्त पिकअप वैन को पिठौरिया थाना क्षेत्र से जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सतीश उरांव,  सुखनाथ गोप, दासुवा उरांव, रंजीत गोप, सोमरा उरांव जो की ग्राम मुरचू, थाना रातू के निवासी हैं, इसके साथ ही विपिन उरांव होचर पतरा टोली, थाना रातू के रहने वाले हैं और बबलू अहीर खाखसी टोला, भरनों, गुमला के निवासी हैं।

Tags - Ranchi police rifle snatching case Ranchi crime news seven accused arrested road rage incident