logo

गढ़वा में 23 करोड़ की लागत से बनेंगी 5 सड़कें : मंत्री मिथिलेश ठाकुर 

MSINGH1.jpg

गढ़वा
गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों में लगभग 23 करोड़ रुपए की लागत से 5 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। ग्रामीण कार्य विभाग झारखंड सरकार ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इनमें गढ़वा में दो, मेराल में दो तथा रमकंडा प्रखंड में एक सड़क का निर्माण शामिल है। ग्रामीण कार्य विभाग झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत इन सड़कों का निर्माण किया जाएगा। 

इस बाबत मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने बताया कि गढ़वा प्रखंड में पीडब्ल्यूडी पथ प्रतापपुर ईदगाह से आरईओ रोड जाला तक पांच करोड़ 42 लाख की लागत से 5.75 किमी, एनएच 343 से सोह तक एक करोड़ 80 लाख 85 हजार की लागत से 1.53 किमी, मेराल प्रखंड में गढ़वा चिनियां मुख्य पथ (पेशका ऑफिस) से बगेशर स्कूल तक सात करोड़ 13 लाख की लागत से 7.7 किमी, लोवादाग पीएमजीएसवाई रोड से मदरसा टोला होते हुए अधौरा स्कूल तक तीन करोड़ 31 लाख की लागत से 2.6 किमी और रमकंडा प्रखंड में चेटे मुख्य पथ द्वारिका साव के घर से चतरीटांड़ होते हुए गम्हरिया स्कूल तक 5 करोड़ की लागत से 4.05 किमी लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। 


मंत्री ठाकुर ने कहा कि शीघ्र ही निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर इन सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। कहा कि जनहित में इन सड़कों का निर्माण अतिआवश्यक है। इनकी स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। मंत्री ठाकुर ने कहा कि झारखंड में जनसरोकार की सरकार है। जनता की हर समस्या दूर करना सरकार का कर्तव्य है। मंत्री ने कहा, आज सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से राज्य की आधी आबादी लाभान्वित हो रही है। सभी बेटी, बहनों के खाते में पैसा आना शुरू हो गया है। 

Tags - Mithilesh Thakur Garhwa Jharkhand News