नंदलाल तुरी
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और केंद्रीय खुफिया शाखा (सीआईबी) की बर्दवान संयुक्त टीम ने शनिवार, 8 नवंबर 2025 को बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकुड़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र से चोरी किए गए रेलवे सिग्नल कॉपर केबल के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में चार मजदूर और एक कबाड़ी शामिल है। मजदूरों में पश्चिम बंगाल के बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिले के निवासी अलोक लेट, दिव्येंदु लेट, देवेन्द्र लेट और मनोज दास शामिल हैं। वहीं, कबाड़ी की पहचान पाकुड़ के कालिकापुर निवासी अब्दुल शेख के रूप में हुई है।
टीम को सूचना मिली थी कि सिग्नलिंग कार्य में लगे कुछ मजदूर रेलवे के सिग्नल केबल चोरी कर कबाड़ी को बेचते हैं। सूचना के बाद आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि करते चार मजदूरों को मौके पर पकड़ लिया गया। पकड़े गए मजदूरों ने पूछताछ में चोरी की बात स्वीकार की और बताया कि वे केबल काटकर कबाड़ी अब्दुल शेख को तीन सौ रुपये प्रति किलो की दर से बेचते थे। मौके से दो टुकड़े काले प्लास्टिक इंसुलेशन वाले कॉपर केबल, एक टुकड़ा सफेद इंसुलेशन वाला केबल और कई प्लास्टिक इंसुलेशन के टुकड़े बरामद किए गए। मजदूरों की निशानदेही पर टीम ने बाद में कबाड़ी अब्दुल शेख के कालिकापुर स्थित दुकान पर छापा मारा, जहां से लगभग आठ किलो जला हुआ तांबे का तार बरामद हुआ। पूछताछ में कबाड़ी ने भी चोरी के केबल खरीदने की बात स्वीकार की।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आरपीएफ पोस्ट पाकुड़ लाया गया और रेलवे संपत्ति अनाधिकृत कब्जा अधिनियम की धारा 3(ए) तथा रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है। केस संख्या 11/2025, दिनांक 8 नवंबर 2025 दर्ज कर जांच एसआई संतोष कुमार को सौंपी गई है। आरपीएफ ने बताया कि पूरी कार्रवाई का वीडियो रिकॉर्ड रखा गया है और साक्ष्य सुरक्षित किए गए हैं।
