रांची:
सालों से रातू रोड के दुर्गा मंदिर के पास लगने वाले पूजा पंडाल को लेकर इस बार विवाद खड़ा हो गया, हालांकि बाद में उसे सुलझा लिया गया। दरअसल रातू रोड स्थित ‘आरआर स्पोर्टिंग क्लब के तोरण द्वार को लेकर सुखदेवनगर थाना प्रभारी ने एतराज जताया है। साथ ही एसडीओ से धारा-107 (शांति भंग होने की आशंका) के तहत कार्रवाई की अनुशंसा कर दी। रविवार को एसडीओ कोर्ट से नोटिस भी आ गयी। जिससे समिति के लोग नाराज हो गए। कुछ देर के लिए पंडाल का निर्माण भी रोक दिया गया था। एसएसपी किशोर कौशल तक जब यह सूचना पहुंची तो उन्होंने दोनों पक्षों को बुलाया। पूरे मैटर को अपने स्तर से उन्होंने सुलझाया जिसके बाद पंडाल का निर्माण शुरू किया गया।

पहले ही वार्ता हो चुकी थी दोनों पक्ष की
समिति के कोषाध्यक्ष रोहित यादव ने बताया कि पहले जब थाना प्रभारी पंडाल के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंची थीं। तब सड़क पर बनाये जा रहे तोरण द्वार को हटाने को कहा था। जिस पर समिति ने कहा था कि तोरण द्वारा ठीक कर लिया जायेगा। इसके बाद भी थाना प्रभारी ने मामले को एसडीओ कोर्ट में ले गयीं।

जिला प्रशासन ने भेजा नोटिस
एसडीओ कार्यालय की तरफ से रोहित यादव, राहुल यादव और विक्की यादव को एसडीओ कोर्ट में सोमवार को हाजिर होने के लिए कहा गया है। जिला प्रशासन की तरफ से रातू रोड दुर्गा पूजा समिति को नोटिस दिया गया है। पूजा समिति के अध्यक्ष राहुल यादव को नोटिस जारी करते हुए यह कहा गया है कि आपके द्वारा जिस तरह से तैयारियां की जा रही है इससे कहीं ना कहीं आप लोगों को परेशानी हो सकती है और क्षेत्र के शांति में भी बाधा आ सकता है।