रांची
भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के अवसर पर आज रांची स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रांची महानगर के स्वयंसेवकों द्वारा सेवाकार्य किया गया। प्रातः 4:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक 200 से अधिक स्वयंसेवक मंदिर के गर्भगृह से भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के विग्रहों को विधिवत नीचे लाने, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संचालन में पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं सेवाभाव के साथ निरंतर सक्रिय रहे। इस सेवाकार्य में राष्ट्र सेविका समिति, रांची महानगर की 15 बहनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

समरसता की भावना से निरंतर सेवाकार्य किए जाते हैं
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा समाज जीवन के विविध क्षेत्रों में सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता की भावना से निरंतर सेवाकार्य किए जाते हैं। भगवान श्रीजगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर किया गया यह सेवाकार्य भी समाज के प्रति उत्तरदायित्व, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा की उसी परंपरा का सशक्त उदाहरण है।
