logo

साहिबगंज में दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से 3.50 लाख रुपये की छिनतई

मेज.jpg

द फॉलोअप डेस्क

साहिबगंज जिले के बरहेट थानाक्षेत्र अंतर्गत पंचकठिया बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े छिनतई की बड़ी वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात बदमाशों ने एक सीएसपी संचालक को निशाना बनाते हुए उससे लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सीएसपी संचालक बैंकिंग कार्य से संबंधित नकदी लेकर जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही बरहेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। 


पीड़ित विपिन कुमार रुज ने क्या बताया!
मिली जानकारी के मुताबिक पंचकठिया बाजार में मेरा कुमारी सीएसपी का संचालन करती है। बुधवार को अज्ञात बदमाशों ने सीएसपी संचालिका के पति विपिन कुमार रुज से साढ़े 3 लाख रुपये की छिनतई कर ली। विपिन कुमार रुज ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे ग्राहक सेवा केंद्र खोलने के लिए पहुंचा था। विपिन रुज ने बताया कि उसके पास साढ़े 3 लाख रुपये थे। बकौल विपिन रुज, उसने पैसों से भरी पोटली सीएसपी के काउंटर में रखा और दुकान में झाड़ू लगाने लगा। तभी अचानक उसके सिर पर जोरदार वार हुआ। अचानक हुए हमले के बाद उसने किसी तरह संभलकर  ऊपर देखा तो पाया कि सड़क पर बाइक पर हेलमेट पहने 2 व्यक्ति मौजूद हैं। उनमें से एक व्यक्ति सीएसपी के काउंटर से साढ़े 3 लाख रुपयों से भरी पोटली लेकर भाग गया। 

इस मामले में विपिन कुमार रुज की ओर से बरहेट थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। पुलिस शिकायत दर्ज करके छानबीन में जुट गई है। 

बरहेट थानाक्षेत्र में वारदातों में वृद्धि
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से बरहेट थानाक्षेत्र में लूट और छिनतई की घटनाओं में वृद्धि हुई है। हाल ही में साह चौक के मां मेडिकल दुकान के पास अज्ञात बदमाशों ने सीएसपी कर्मी के बाइक की डिक्की से करीब 2.70 लाख रुपये लूट लिए थे। बरहेट बाजार में आभूषण कारोबारी प्रदीप डोकानियां की दुकान में भी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद अपराधी पकड़ से बाहर हैं। 

 

Tags - Sahibganj Barhet Robbery CSP Operator Jharkhand