logo

साहिबगंज के कोटालपोखर में दर्दनाक सड़क हादसा, चालक समेत एक बुजुर्ग की हुई मौत 

SAHEBGANJ_HADSA.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

साहिबगंज जिले के कोटालपोखर मुख्य सड़क पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक सहित बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, इजाजुल नामक युवक अपने टोटो से चंदौर से वापस लौट रहा था। इसी दौरान दिनदहाड़े अवैध रूप से लकड़ी लदा एक तेज रफ्तार तीन पहिया वाहन कोटालपोखर मुख्य सड़क से होते हुए पश्चिम बंगाल सीमा की ओर जा रहा था। तेज गति के कारण उस वाहन ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी की टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद टोटो चालक इजाजुल और उसमें सवार एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत इतनी नाजुक थी कि घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कोटालपोखर मुख्य सड़क से दिन के उजाले में लकड़ी तस्कर लगातार सक्रिय रहते हैं, और अवैध रूप से लकड़ी से लदा वाहन तेज रफ्तार से गुजरता है, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद स्थानीय प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक निष्क्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध लकड़ी तस्करी पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Tags - sahibganj news kotalpokhar news sahibganj road accident kotalpokhar road accident jharkhand road accident toto accident sahibganj illegal timber vehicle accident three wheeler accident jharkhand road crash sahibganj elderly death in accident dri