द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेवरन गांव में नकली कीटनाशक बनाने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस प्रशासन और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली कीटनाशक और संबंधित सामग्री बरामद की। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 22 लाख रुपये मूल्य के नकली कीटनाशक के साथ-साथ लगभग चार करोड़ रुपये मूल्य के स्टिकर जब्त किए गए। बताया जा रहा है कि इंडोफील्ड कंपनी के ‘इलेक्ट्रो’ नामक कीटनाशक को नकली रूप में तैयार कर बाजार में खपाने की साजिश चल रही थी।

छापेमारी में 25,272 पीस नकली स्टिकर और 1,610 डिब्बे नकली दवा बरामद किए गए। एक डिब्बे की कीमत 1,350 रुपये प्रति 25 एमएल बताई जा रही है, जिससे इस अवैध कारोबार के बड़े पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को हिरासत में लिया है और पूछताछ के माध्यम से पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है, और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
